-जाम लगाए लोगाें को समझाते चौकी प्रभारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
भारतीय स्टेट बैंक शाखा जैतपुर में कैश न मिलने से नाराज ग्राहकों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधक पर मनमानी का आरोप लगाया। चौकी प्रभारी के आश्वासन पर जाम खुलवाया।
भारतीय स्टेट बैंक की जैतपुर शाखा में एक सप्ताह से ग्राहकों को कैश न मिलने से व्यापारी और किसान परेशान है। इसकी शिकायत जिलाधिकारी और बैंक के उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नही हो सका। मंगलवार को कैश लेने के लिए सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुट गई, लेकिन कर्मचारियों ने पैसा न होने की बात कही। इससे ग्राहक भड़क गए और बैंक के बाहर ही हंगामा काटते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
लोगों ने जैतपुर नौगांव मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बैंक प्रबंधक द्वारा एक सप्ताह से पैसे की निकासी नहीं की जा रही है जबकि चहेतों को पैसा दिया जा रहा है। जाम की सूचना पर पुलिस ने ग्राहकों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। शाखा प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि कैश नहीं था। इसकी सूचना विभागीय अधिकारियो के साथ-साथ एसडीएम कुलपहाड़ विनय पाठक को दे दी गई है।
कैश की कमी से जूझ रहे बैंकों के साथ एटीएम भी जवाब दे गए है। स्टेट बैंक शाखा जैतपुर के बाहर लगा एटीएम तीन दिन से बंद है। हालात यह है कि व्यापारी पैसे के अभाव में किसानों का माल नहीं खरीद पा रहे है। जिससे किसान भी इधर उधर भटकने को मजबूर है।