उन्नाव। जिले में तीन दिन पीटीईटी कराई जाएगी। इसके लिए जिले में 13 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए 4,536 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पीटीईटी इस बार लगातार न होकर तीन दिन अलग-अलग तिथियों में दो पालियों में कराई जा रही है। परीक्षा को लेकर केंद्रों में लगे सीसीटीवी की सही उपलब्धता के साथ अन्य तैयारियों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पीटीईटी इस बार 25 अक्तूबर, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को होगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक, दूसरी पाली की परीक्षा शाम तीन से पांच बजे तक होगी। डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिन स्कूलों को केंद्र बनाया गया है, उनके प्रधानाचार्यों को समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी के लिए सचल दल बनाने की भी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की निगरानी कलक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम से की जाएगी। परीक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो इसलिए पहली बार टेट परीक्षा अलग-अलग तिथियों में कराई जा रही है।
बनाए गए केंद्र और परीक्षार्थियों की संख्या
अटल बिहारी इंटर कॉलेज में 408, बेनहर इंटरनेशनल स्कूल में 480, डीएसएन पीजी कॉलेज में 480, डीवीडीटी इंटर कॉलेज में 192, दिल्ली पब्लिक स्कूल में 432, डॉ. जीनाथजी दयाल बालिका इंटर कॉलेज में 240, माउंट लिट्रा जी में 192, न्यू एरा स्कूल में 480, पीएमश्री जीजीआईसी में 384, पीएमश्री जीआईसी में 240, जगन्नाथ शाह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में 384, श्याम कुमारी सेठ बालिका इंटर कॉलेज में 264 और सर सैय्यद पब्लिक स्कूल में 360 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे।