भरुआ सुमेरपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रयास से इस माह कस्बा वासियों को तपोभूमि प्रांगण में दो नए ओपन जिम मिल जाएंगे। इनका निर्माण अंतिम दौर पर है। इससे कस्बे के युवाओं के व्यायाम का सपना साकार होगा। जल्द ही केंद्रीय विद्यालय के समीप भी स्टेडियम के निर्माण के शिलान्यास की तैयारी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र शिवहरे ने बताया कि कस्बे में स्टेडियम की मांग दशकों से हो रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री से भेंट करके इस मांग को प्रमुखता के साथ रखा था। दोनों ने जल्द ही स्टेडियम निर्माण का आश्वासन दिया था। जल्द ही इसका शिलान्यास केंद्रीय विद्यालय के समीप होगा। उन्होंने बताया कि युवाओं की मांग को मद्देनजर रखकर गायत्री कुंज एवं रोटीराम वाटिका में 16 लाख की लागत से ओपन जिम बनकर तैयार हो रहे हैं। इनको इसी माह आम लोगों को समर्पित करने की तैयारी है। 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश ठेकेदारों को दिए गए हैं। ठेकेदार संजीव पांडे ने बताया कि रोटीराम वाटिका में 10 दिन का कार्य बचा है। इसके पूर्ण होते ही पार्क को खोल दिया जाएगा।