महोबा। जिला अस्पताल के गार्ड समेत दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसी के साथ जनपद में डेंगू पॉजीटिव मरीजोंं की संख्या 11 पहुंच गई है। प्लेटलेट्स घटने से मरीजों की हालत नाजुक बनी है। डॉक्टर की निगरानी ने इन मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुट रही है। इस समय बुखार, सर्दी, खांसी आदि के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। जिला अस्पताल में गार्ड रत्नेश को बुखार से पीड़ित होने पर डॉक्टर ने डेंगू की जांच कराने की सलाह दी। पैथालॉजी में रेपिड जांच के दौरान डेंगू के लक्षण मिलने पर सैंपल को आरटीपीसीआर लैब भेजा गया।
एलाइजा मशीन में जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई। इसके अलावा शहर के छजमनपुरा निवासी दीपशिखा भी जांच के दौरान डेंगू पॉजिटिव निकलीं। इन मरीजों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
उधर, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि ऐसे मौसम में सावधानी जरूरी है। घरों के आसपास पानी एकत्रित न होने दें। रुके हुए पानी में मच्छर व डेंगू का लार्वा पनपने की आशंका रहती है।