कबरई (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे किनारे स्थित पंक्चर दुकान में काम करते समय ट्यूब फटने के दौरान सड़क की ओर भागे पंचर मिस्त्री समेत दो लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में दोनों को कानपुर रेफर किया गया।
बिहार राज्य के जनपद मुजफ्फरपुर निवासी महबूब (19) कानपुर-सागर हाईवे पर कस्बे के झलकारीबाई नगर में अपने जीजा आलम की पंक्चर की दुकान में काम करता है। रविवार की सुबह 11 बजे महबूब प्रेशर मशीन से एक लोडर वाहन का टायर खोल रहा था।
तभी लोडर का ट्यूब फटने से महबूब व पास में खड़ा पड़ोसी ट्रैक्टर मिस्त्री अर्जुन विश्वकर्मा हाईवे की ओर भागने लगे। इसी दौरान कानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी।
इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सीएचसी कबरई पहुंचाया। जहां हालत नाजुक होने पर दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। थानाध्यक्ष नागेंद्र कुमार नागर का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। (संवाद)