महोबा। मौसम में बदलाव से संक्रामक बीमारियाें के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रविवार को तेज बुखार से मासूम समेत दो की मौत हो गई। उधर, जिला अस्पताल के अलावा निजी क्लीनिकों में भी मरीजों की भीड़ जुट रही है।
दिन में निकल रही तेज धूप और बीच-बीच में बारिश होने से लगातार मौसम बदल रहा है। रविवार को अवकाश के बाद भी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उल्टी, दस्त, बुखार व पेट दर्द आदि के मरीजों की भीड़ रही।
इस दौरान तैनात डॉक्टर ने मरीजों का उपचार कर सावधानी बरतने की सलाह दी। पेट दर्द, तेज बुखार आदि से पीड़ित मुस्कान, रेहान, रुद्रा, गौरव, शांति, संदीप, गोरीबाई, प्रिया, देवेंद्र, मोहिनी समेत 15 की हालत नाजुक होने पर उन्हें भर्ती कराया गया।
उधर, बरीपुरा निवासी केसरबाई (55) को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। शनिवार की दोपहर तेज बुखार होने व सांस फूलने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसी तरह कस्बा बेलाताल निवासी नौशाद के डेढ़ माह के बेटे अवान की दोपहर के समय तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी बेलाताल ले गए। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सीएमएस डॉ. पीके अग्रवाल का कहना है कि बदल रहे मौसम से मरीजों की संख्या बढ़ी है। खानपान में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।