-इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय दोनों ने तोड़ा दम
फोटो 21 एमएएचपी 13 परिचय-किसान गोलीराम अहिरवार (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
फोटो 21 एमएएचपी 14 परिचय-छात्रा रश्मि प्रजापति (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबकंठ/बेलाताल। बारिश का मौसम शुरू होते ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ गई हैं। सोमवार की रात बीए की छात्रा समेत दो लोगों की सर्प के डसने से मौत हो गई। घटनाओं से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है।
थाना महोबकंठ के रिवई गांव निवासी रश्मि प्रजापति (20) बीए की छात्रा थी। सोमवार की रात वह कमरे में जमीन पर सो रही थी तभी सांप ने उसे डस लिया। परिजन तत्काल उसे सीएचसी पनवाड़ी लेकर पहुंचे लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतका के चाचा महीपत ने बताया कि सांप के डसने से रश्मि की मौत हुई है। रश्मि की मां का एक साल पहले निधन हो गया था। उसके पिता बृजकिशोर मानसिक रूप से अस्वस्थ रहते हैं। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी रश्मि के कंधों पर थी। चाचा ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
कैथोरा निवासी गोलीराम अहिरवार (60) आठ बीघा में खेती-किसानी करता था। फसल की रखवाली के लिए वह खेत में झोपड़ी बनाकर रहता था। सोमवार की रात वह भोजन करके खेत की रखवाली के लिए गया था। देर रात रखवाली करते समय किसी सर्प ने उसे डस लिया। इससे वह अचेत होकर गिर गया। मंगलवार की सुबह जब परिजन खेत गए तो किसान को अचेत अवस्था में देख सीएचसी जैतपुर ले गए। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के नाती अखिलेश ने बताया कि सांप के डसने से दादा की मौत हुई है। घटना से पत्नी हब्बी, बेटे ठाकुरदास, बसंत, राजा, फूल सिंह व लालू प्रसाद रो-रोकर बेहाल है।