जिले में बारिश के बाद निकल रही तेज धूप के चलते संक्रामक बीमारियों ने पांव पसार लिए हैं। शनिवार को संक्रामक बीमारी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। जिला अस्पताल रोज करीब एक हजार नए मरीज आ रहे है।
कभी बारिश कभी तेज धूप के चलते बदले मौसम के मिजाज से अस्पताल में मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। यही वजह है कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन 1000 नए मरीजों का इजाफा हो रहा है। सुबह से ही मरीजों की अस्पताल मेें भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। दो बजे तक सभी कक्षों में मरीजों की लाइन लग जाती है।
बदले मौसम से सरदर्द, डायरिया, पेटदर्द, बुखार के मरीजों की भरमार है। शनिवार को भीतरकोट निवासी सुनील, राजेश कुमार, मजीद सहित तमाम लोगों को बुखार आने पर अस्पताल पहुंचाया गया। भटीपुरा निवासी सुखलाल, गुड्डो रैकवार, गेंदारानी, सरोज सहित तमाम लोग उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित हैं।
कोतवाली चरखारी के भेसारी गांव निवासी आकिन (34) पुत्र भूपेंद्र को उल्टी दस्त होने पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। इसी तरह शहर के मोहल्ला टौरीपुरा निवासी शौकतअली की पत्नी की भी मौत हो गई।