कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की रात को बाइक और ट्रक की भिड़ंत में बालिका की मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
कस्बा कबरई निवासी छोटेलाल अपनी बेटी पूजा (11) के साथ शाम को बाइक से महोबा आया था। रात में करीब आठ बजे वह वापस कबरई जा रहा था। घर से चंद कदम पहले पचपहरा मोड़ पर ट्रक आ जाने से तेज रफ्तार बाइक सीधी ट्रक में घुस गई। इससे पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिता छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। वहां मौजूद लोगों ने छोटेलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया। छोटेलाल के छह बच्चों में एक बेटा और पांच बेटियां हैं। पूजा सबसे छोटी बेटी थी। पूजा की मौत के बाद परिजनों का बुरा हाल है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर पर चोटें आईं।