भीषण गर्मी और बदले मौसम के मिजाज के चलते संक्रामक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। गुरुवार को बुखार की चपेट में आने से एक युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई।
पिछले एक सप्ताह से तेज धूप और आग उगल रही सूरज की किरणों से गर्मी पूरे शबाब पर पहुंच गई है। कुछ दिन पहले बारिश होने के बाद से संक्रामक बीमारियाें ने पांव पसार लिए है। बुखार और उल्टी दस्त से पीड़ित प्रतिदिन 1000 से ज्यादा नए मरीज जिला अस्पताल में आ रहे हैं। अस्पताल के वार्डाें के अलावा गैलरी में भी बेड डालकर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।
कस्बा कबरई के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी अल्लारक्खा (60) पुत्र नसरत को दो दिन पहले उल्टी दस्त और बुखार आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उसकी मौत हो गई। इसी तरह शहर के मोहल्ला समदनगर निवासी रोजी पुत्री मासूम अली को बुखार आने पर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।