श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिलरही तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
हादसे में किसान और बाइक ट्रक में फंस कर 20 मीटर तक घिसटते रहे। इससे किसान की मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटे जाम लगा रहा।
थाना श्रीनगर के उरवारा गांव निवासी रामकृपाल मिश्रा (55) अपने बटाईदार शेखर सेन (22) के साथ सोमवार की सुबह करीब 10 बजे बाइक से बोरी में अनाज लेकर बेचने के लिए श्रीनगर आ रहा थे।
हाईवे पर बिलरही तिराहा के पास छतरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक शेखर सेन छिटक कर दूर जा गिरा।
वहीं, बाइक पर पीछे बैठा किसान रामकृपाल पहिये के नीचे आ गया और बाइक ट्रक में फंस गई। भागने के चक्कर में ट्रक चालक बाइक को किसान समेत 20 मीटर तक घसीटता ले गया। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई और शव के चीथड़े उड़ गए जबकि चालक शेखर सेन गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद चालक व परिचालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हाईवे पर जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया। थानाध्यक्ष शिवपाल सिंह का कहना है कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। चालक और परिचालक का पता लगाया जा रहा है।