महोबा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की कार्यकारिणी का व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल ने गठन कर किया है। इसमें महोबा जिले का अध्यक्ष सेवकराम नंदवानी, महामंत्री मोहम्मद मुशीर को नियुक्त किया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश विकास गुप्ता ने कहा कि अब व्यापारियों की लड़ाई आर-पार की लड़ी जाएगी। व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों का 16 मार्च को महोबा शहर के कृष्णा मंडपम में सम्मेलन होगा। जिसमें व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल शिरकत करेंगे।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले की सभी कमेटियां जल्द ही गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी से खुदरा व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ऑनलाइन व्यवस्था को बंद कराने के लिए भी लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामजी गुप्ता, व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री कमलेश सोनी, नगर महामंत्री हरिश्चंद्र साहू, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चौरसिया, रामकुमार सोनी, जिलामंत्री हासिम सौदागर, नगर संयुक्त मंत्री राजीव लोचन शुक्ला मौजूद रहे।