जिले में कड़ाके की ठंड और शीत लहर ने लोगाें की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को ठंड की चपेट में आकर वृद्धा ने दम तोड़ दिया। अब तक ठंड से मरने वालों की संख्या सात पहुंच गई है। हालांकि ठंड से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने जगह-जगह कंबल वितरण और अलाव जलाने के इंतजाम किए हैं।
मोहल्ला बड़ीहाट निवासी कपूरी (72) पत्नी प्यारेलाल सुबह ठंड लगने से घर पर अकड़ गई, उसे जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले सप्ताह से ठंड पूरे शबाब पर है। हालत यह है कि सारा दिन घना कोहरा छाए रहने से और बर्फीली हवाएं चलने से जन जीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया है।
वहीं कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार थाम दी है। संपर्क क्रांति पांच घंटे, महाकौशल चार घंटे, कानपुर-खजुराहो पैसेंजर तीन घंटे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस तीन घंटे, उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस चार घंटे देरी से आई। यात्रियों को कड़ाके की ठंड के बीच रेलवे स्टेशनों पर गाड़ियों का इंतजार करना पड़ा।