महोबा। कोरोना के चलते लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन कर बेवजह सड़कों पर घूम रहे तीन वाहनों का चालान किया, जबकि 36 वाहनों का चालान कर शमन शुल्क वसूला गया।
एसपी मणिलाल पाटीदार के निर्देशन में कोरोना वायरस से बचाव व लॉकडाउन का पालन कराने के लिए शहर कोतवाली समेत सभी थानों की पुलिस अलर्ट हैं। चौराहों के अलावा मोहल्लों में भी पुलिस की सतर्कता से लोग घरों में कैद हैं। कुछ लोग सड़कों पर बेवजह घूमते नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इस दौरान लोगों को लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में ही रहने की अपील की जा रही है। जिले की पुलिस ने शनिवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों को सीज किया, जबकि 36 वाहनों से 7,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। तीन अन्य वाहनों का न्यायालय चालान भी किया गया। इस दौरान लोगों से दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने लोगों से आपस में सामाजिक दूरी बनाए रखने व साफ-सफाई की सलाह दी गई। एसपी ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।