महोबा। सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए जनपद महोबा में निजी कंपनियों की ओर से बड़ा निवेश किया जाएगा। सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए हरियाणा व दिल्ली की कंपनी ने उद्योग विभाग को निवेश का प्रस्ताव दिया है। प्रस्तावित तीन सोलर प्लांटों को स्थापित करने के लिए 280 करोड़ का निवेश किया जाएगा और प्रतिदिन 35 मेगावॉट बिजली का उत्पादन होगा। इसके लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। जमीन मिलने के बाद उद्योग विभाग की ओर से एमओयू साइन किया जाएगा।
हरियाणा की निजी कंपनी आईबीगोट ने दो सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने के लिए निवेश का प्रस्ताव दिया है। एक सोलर प्लांट से 20 मेगावॉट बिजली का उत्पादन होगा जबकि दूसरे सोलर प्लांट से पांच मेगावॉट बिजली का उत्पादन होगा। दोनों प्लांटों में निजी कंपनी की ओर से 210 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके लिए करीब 90 एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है। वहीं, दिल्ली की ऑरेंज सर्किल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से 10 मेगावॉट क्षमता के सौर ऊर्जा प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव दिया गया है। कंपनी की ओर से इसके लिए 70 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके लिए 60 एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है।
कोट जनपद में तीन नए सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए निजी कंपनियों की ओर से निवेश के प्रस्ताव दिए गए हैं। कंपनियां जमीन की तलाश कर रही है। जमीन मिलने के बाद एमओयू की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। -महेशचंद्र सरोज, उपायुक्त उद्योग, महोबा।