कोतवाली में घटना बताते मारपीट में घायल युवक।
- फोटो : Amarujala
महोबा। शहर के एक पैलेस में शादी समारोह के दौरान बारातियों में विवाद हो गया। खाना-खाने के दौरान पहले गर्म रोटी लेने को लेकर हुए विवाद में आधा दर्जन लोगों ने दूल्हे के भाई समेत तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। मारपीट में दो लोगों के हाथ फ्रैक्चर हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की तहरीर शहर कोतवाली में सौंपी गई है।
शहर के मोहल्ला मलकपुरा निवासी सतीश चौरसिया की शादी शहर के पनागरपुरा निवासी ज्योति के साथ तय हुई थी। बारात 28 फरवरी को रात 9 बजे रामकथा मार्ग स्थित एक पैलेस पहुंची। वर और वधू पक्ष के लोग शहर के ही निवासी होने के चलते शादी समारोह में पहुंचे। खाने के समय गर्म रोटी पहले लेने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला गालीगलौज होने लगी। तब लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। कुछ देर बाद ही खाना खाकर गेट के बाहर निकल रहे दूल्हे के भाई नितिन कुमार, मुन्ना पर आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। बीचबचाव में राहुल भी चुटहिल हो गया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल नितिन व मुन्ना को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनके हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच की। घायलों ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।