श्रीनगर महोबा। थाना श्रीनगर के ग्राम हिलुआ में रविवार की सुबह खेतों में भीषण आग से पांच किसानों की तीस बीघे गेहूं की फसल जल गई। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। आग लगने से लाखों रुपये की क्षति हुई है।ग्राम हिलुआ निवासी रामसेवक, कृष्णकांत, लाड़ले, विट्टा व फूला की तीस बीघे खेती है। किसानों ने खेतों में गेहूं की फसल बोई थी।
फसल पककर तैयार होने पर किसानों ने फसल की कटाई कर मड़ाई के लिए एकत्र की थी। रविवार की सुबह फसल में अचानक आग लग गई। तेज हवाएं चलने से आग ने एक के बाद एक पांचों किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग लगने की सूचना पर हिलुआ और समीप के ग्राम लुहेड़ी के ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने कुओं से पंपिंग सेट चलाए और फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी आग बुझाने में जुटे रहे। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक 30 बीघे की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना में किसानों को लाखों की क्षति पहुंची है। पीड़ित किसानों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए आग से हुई क्षति का आंकलन कराकर सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है।