महोबा। शहर के शक्तिनगर में रविवार की रात चोरों ने प्रॉपर्टी डीलर के मकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर घुसे चाेर 80 हजार रुपये समेत 10 लाख के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर रही है।
शक्तिनगर निवासी प्रदीप कुमार प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। रविवार की शाम वह मकान में ताला लगाकर परिवार समेत छिकहरा निवासी अपने मामा के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों में रखी नकदी व जेवर चोरी कर लिए। सोमवार की सुबह जब पीड़ित परिवार घर पहुंचा तो ताले टूटे और माल गायब देख जानकारी हुई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पीड़ित ने बताया कि चोर घर पर रखी 80 हजार रुपये की नकदी, दो सोने के हार, एक जोड़ी झुमकी, सोने की चेन समेत आठ तोला के जेवर और एक किलो चांदी ले गए हैं। उनकी कीमत दस लाख से अधिक है। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज चेक कराए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।