कुलपहाड़ तहसील के ग्राम बिहार में कोटेदार की दबंगई व मनमानी के खिलाफ राशन कार्ड धारकों ने मोर्चा खोल दिया है। पात्रों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम का लाभ नहीं दिया जा रहा। शनिवार को दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंच डीएम से शिकायत की। आरोप लगाया कि कोटेदार दर्जनों पात्रों के राशन कार्ड अपने पास रखे है और उन्हें खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है।
ग्राम बिहार निवासी शिपाल सिंह, उर्मिला देवी, लालदमान, पप्पू, देवीदीन, कुंवर, रानी सहित दो दर्जन से अधिक कार्ड धारकों ने डीएम वीरेश्वर सिंह को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उन्हें लाभ नहीं दिया जा रहा है। तीन माह से उन्हें राशन सामग्री नहीं मिली है। आरोप लगाया कि पूर्ति विभाग के अधिकारियों से सांठगांठ कर कोटेदार गरीबों के लिए आने वाले राशन की कालाबाजारी कर रहा है।
जिससे गरीबों को हक नहीं मिल रहा है। गांव में दो दिन पहले नोडल अधिकारी की मौजूदगी में महज एक दर्जन लोगों को खाद्यान्न बांटे जाने पर ग्रामीणों ने उनका घेराव कर लिया था। सूची न होने पर वितरण कराने गए नोडल अधिकारी ने अगले दिन खाद्यान्न बांटने का आश्वासन दिया। मगर उन्हें राशन नहीं मिला। डीएम ने मामले की जांच कराने का भरोसा दिलाया।