महोबा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर मंगलवार की रात भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। वीर आल्हा-ऊदल की नगरी महोबा में बुधवार की सुबह एयर स्ट्राइक की जानकारी मिलने पर लोगों में अलग ही खुशी दिखाई दी। जगह-जगह मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया।
एक पखवाड़े पहले पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। हर किसी ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की थी और आतंकवाद को कड़ा जवाब देने की मांग की जा रही थी। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान पर साहसी एयर स्ट्राइक मंगलवार की मध्य रात की गई। सुबह जब शहरवासियों को एयर स्ट्राइक की खबर मिली तो महोबा की धरती पर लोगों का उत्साह बढ़ गया। सुबह से ही शहर की हर गली-चौराहा में जोश और जुनून की लहर दौड़ गई। लोगों ने भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के गगनभेदी नारे लगाकर अपने जज्बे का इजहार किया। कचहरी के बाहर अधिवक्ताओं ने इस ऐतिहासिक मौके पर एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर देश के प्रति अपने गर्व को ऐसे प्रकट किया कि मानो पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा हो। इसी तरह भाजपाइयों ने गांधीनगर में एक-दूसरे को मुंह मीठा कराकर भारतीय सैनिकों और प्रधानमंत्री की सराहना की। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र गुप्ता, शशांक गुप्ता, आशीष शुक्ला, ईश्वरदयाल, संतोष गुप्ता, दिलीप जैन, पंकज, नरेंद्र कुशवाहा, दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद रहे।