ग्राम बिलखी में बारिश से गिरा मकान।
- फोटो : अमर उजाला
मूसलाधार बारिश से कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। रविवार को श्रीनगर क्षेत्र में बारिश से तीन मकान गिर गए। जिससे मकानों में रखी हजारों की गृहस्थी बर्बाद हो गई। बारिश के कारण कस्बे की गलियां पानी से लबालब है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।
थाना श्रीनगर के ग्राम बिलखी में दो दिन हुई मूसलाधार बारिश से धनीराम व सूरज पाल के कच्चे मकान धराशाई हो गए। गनीमत रही कि मकान जिस समय गिरे उस समय परिवार के सभी सदस्य खेतों पर काम कर रहे थे। जिससे सभी सकुशल हैं। घटना में धनीराम व सूरज पाल की हजारों की गृहस्थी मलवे में दबकर बर्बाद हो गई। 13 जुलाई को धनीराम के बेटे की शादी हुई थी। पूरा दहेज का सामान घर में था।
इसी प्रकार ग्राम बिलरही निवासी रविंद्र गौतम का कच्चा मकान बारिश में गिर गया। कस्बा श्रीनगर में जल निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सड़कों व गलियों में भरा है। करीब तीन फीट पानी सड़कों पर भरा होने से लोग घरों में कैद होने को मजबूर है। वहीं वाहन चालक भी गड्ढों में फिसलकर चुटहिल हो रहे है। ग्राम पंचायत की ओर से जल निकासी की व्यवस्था न कराए जानेे से ग्रामीणों में आक्रोश है। जलभराव होने से लोगों में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा है।