महोबा। मोबाइल दुकानदार राजकुमार की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस के शक की सुई साथी पर घूम रही है। जिसे हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
नौसारा निवासी राजकुमार अपने साथी प्रदीप के साथ बाइक से दुकान से घर लौट रहा था। तभी गांव से कुछ दूर पहले बदमाश ने गोली मार दी। गोली गर्दन से होकर कंधे को छेदती हुई निकल गई। अधिक खून बहने से दुकानदार राजकुमार ने मेडिकल कॉलेज झांसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। साथी प्रदीप ने बताया कि चरखारी से नकाबपोश बाइक सवार बदमाश पीछे लगा था। रास्ते में दो बार ओवरटेक करने की कोशिश की। बाद में बगल में आकर राजकुमार के गले के पास तमंचा से गोली चला दी। उसने झाड़ियों में भागकर जान बचाई। आरोपी राजकुमार का बैग ले गया। वहीं, राजकुमार
के साथ बाइक से जा रहे साथी पर पुलिस के शक की सुई घूम रही है। जांच में सामने आया कि दुकानदार को सटाकर गोली मारी गई जबकि साथी प्रदीप साथ में था। वह मौके से भागने की बात बता रहा है। ऐसे में पुलिस ने साथी प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस प्रत्येक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। अपर एसपी वंदना सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। लूट जैसा कोई मामला नहीं है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।