अजनर/बेलाताल। भारतीय स्टेट बैंक जैतपुर से एक लाख रुपये निकालकर पति के साथ बाइक से जा रही महिला के हाथ से बाइक सवार दो बदमाशों ने बैग छीन लिया। पीड़ित दंपति की सूचना पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस अधीक्षक, अपर एसपी, सीओ ने जांच पड़ताल करते हुए थानाध्यक्ष को घटना के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
थाना अजनर के ग्राम आरी निवासी सोमवती पत्नी नृपत का खाता एसबीआई जैतपुर में है। सोमवती ने एक प्लाट मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव में खरीदा है। जिसका पैसा देने के लिए सोमवती बुधवार को पति के साथ बाइक से बैंक आईं थी। एक लाख रुपये निकालने के बाद नगदी बैग में रख ली। बैंक से करीब छह किमी दूर पहुंचते ही मवइया तिगैला के पास बाइक सवार दो बदमाश बाइक ओवरटेक कर पीछे बैठी महिला के हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। पति ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वो भागने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी स्वामीनाथ, एएसपी वीरेंद्र कुमार, सीओ कुलपहाड़ अवध सिंह, थानाध्यक्ष अजनर आनंद कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की पूछताछ में पीड़ित दंपति ने बताया कि खेती में उपज न होने के चलते वह दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। प्लाट खरीदने के लिए बैंक से पैसा निकाला था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। एसपी ने आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।