महोबा। ससुराल गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, उसका शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा पाया गया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक की बहन ने भाई को जहर देकर मारने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है।
कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहारी गांव निवासी रामखिलावन पुत्र भारत सिंह अपनी ससुराल कोतवाली क्षेत्र के रतौली गांव गया था। शनिवार की सुबह उसका शव पसवारा रोड पर सड़क किनारे पड़ा पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की बहन रचना ने कोतवाली में तहरीर देकर ससुरालीजनों पर भाई को मारने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि भाई की पत्नी अपने साथ जेवर व नकदी ले गई थी, जिसे लेने के लिए वह ससुराल गया था। लेकिन लौटकर नहीं आ सका।