महोबा। जनपद स्तरीय उद्योग व व्यापार बंधु की कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर महोबा से कबरई तक की 18 किमी. खराब सड़क का मुद्दा एक बार फिर गूंजा। जिस पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एनएचएआई के अधिकारी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में सड़क की मरम्मत कराना सुनिश्चित करें अन्यथा संबंधित विभाग व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कबरई क्रशर मंडी की बिजली समस्या, उपखनिजों के अवैध परिवहन व खनिज न्यास निधि से कराए गए कार्यों की खराब गुणवत्ता के मामले भी उठाए गए। उद्यमियों ने नए मामलों में क्रशर उद्योग क्षेत्र में प्लॉटिंग करके नवीन बस्तियां बसाने व भारी वाहनों का फिटनेस सेंटर झांसी बनाए जाने में हो रही समस्या से अवगत कराया। जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर व एआरटीओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों व व्यापारियों ने रामनवमी पर्व पर नगर पालिका महोबा की ओर से की गई व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक में सीडीओ बलराम कुमार, एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह, उपायुक्त उद्योग महेशचंद्र सरोज, उद्यमी राघवेंद्र सिंह, वसीम अहमद, रूपेंद्र कुमार, नानकचंद, रामजी गुप्ता, मनु गुप्ता आदि मौजूद रहे।