चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में शनिवार को दिनदहाड़े हुईं चोरी की घटनाओं में चोरों ने मकान और दुकान से 39,500 रुपये की नकदी उड़ा दी। दूसरी घटना को अंजाम देकर भाग रहे एक चोर को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंपा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के बजरिया निवासी इमामी बेग की पत्नी शबनम घर पर अकेली थी। तभी मौका पाकर एक नकाबपोश महिला घर के अंदर घुसी और बक्सा खोलने लगी। खटपट की आवाज सुनकर शबनम कमरे में पहुंची तो नकाबपोश महिला उसका मुंह दबाते हुए धक्का देकर भाग गई। शबनम ने महिला का पीछा किया तो मकान के दरवाजे पर महिला के साथ एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई दिया। इस घटना में बक्से में रखे 35 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है। पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
वहीं, दूसरी घटना में छोटा रमना मोहल्ला निवासी रूपा देवी साहू की किराने की दुकान की गोलक से एक युवक 4,500 रुपया चोरी करके भाग गया।
महिला के चिल्लाने पर उसके बेटे उमेश साहू ने चोर का पीछा किया। बस स्टैंड पर लोगों ने चोर को रुपयों समेत पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि घटनाओं की जांच कराई जा रही है।