फोटो 04 एमएएचपी 21 परिचय-समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनतीं डीएम गजल भारद्वाज। संवा
कुलपहाड़ (महोबा)। तहसील कुलपहाड़ में डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित जिलास्तरीय समाधान दिवस भूमि विवाद के सर्वाधिक मामले आए। इस दौरान 42 शिकायतों में महज दो का ही निस्तारण हो सका। डीएम ने शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुड़ई निवासी फूलारानी, टिकरिया निवासी सुशीला ने भूमि की नाप कराने की मांग की। विजयपुर के महेश, विपिन, महेंद्र आदि ने विजयपुर से जुड़े पनारा को पंचायत चुनाव के लिए मतदान केंद्र स्थापित किए जाने की मांग की है। मुन्नीलाल ने भरवारा स्थित एक प्रइवेट दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद की बिक्री करने का आरोप लगाया। नगर के महेंद्र वर्मा व निशांत सिंह यादव ने कंप्यूटरीकृत खतौनी उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान एसपी प्रबल प्रताप सिंह, सीडीओ बलराम सिंह, सीएमओ डॉ. आसाराम, एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह , एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, तहसीलदार प्रमित सचान आदि मौजूद रहे।
-
फरियादियों ने बयां किया दर्द
ग्योड़ी निवासी सियाराम गुप्ता बताते हैं कि मौजा ग्योड़ी में उनकी भूमि की गलत तरीके से नाप की गई थी। शिकायती पत्र देने के बाद एसडीएम ने वर्ष 2022 में पुन: नाप का आदेश किया था लेकिन आज तक क्षेत्रीय कानूनगो ने नाप नहीं कराई। आरोप लगाया कि कानूनगो के पास जाने पर उन्हें फाइल देने के लिए कहकर टरका दिया जाता है। इसको लेकर पांच बार शिकायत दे चुके हैं लेकिन कुछ नहीं हुआ। छठी बार फिर शिकायत करने समाधान दिवस में आए हैं।
पचपहरा निवासी याकूब खां बताते हैं कि उसकी पत्नी जरीना के नाम राशनकार्ड है। पर्ची निकलवाने पर उसका नाम लाल रंग से आ रहा है। इससे उसे लगातार दो माह से राशन नहीं मिल पा रहा है। पत्नी का नाम सही कराने और राशन सामग्री दिलवाए जाने को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब समस्या के समाधान को लेकर तहसील दिवस में शिकायत करने आए हैं।