जिले में सरोवरों और नदियों के उफना जाने से आए दिन तालाबाें और नदियों में डूबकर मौत होने का सिलसिला थम नही रहा है। सोमवार को चंद्रावल नदी में एक छात्र डूब गया। पुलिस की मौजूदगी में सारा दिन गोताखोर छात्र को तलाशने में जुटे रहे लेकिन, समाचार लिखे जाने तक लापता छात्र को बरामद नही किया जा सका। वहीं, श्रीनगर में चेकडैम में नहाने
गए युवक की गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। ग्राम चिचारा निवासी सौरभ सिंह (13) पुत्र चित्रराज सिंह पुरा गांव में कक्षा छठवीं में पढ़ता था। सोमवार को वह स्कूल से लौटने के बाद साइकिल से ग्राम मवईखुर्द किताबें खरीदने के लिए जा रहा था। रास्ते में रपटा पड़ने पर नहाने उतर गया और तालाब में डूब गया। लोगों ने उसे डूबता देखा तो पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष खन्ना ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई लेकिन छात्र का पता नहीं चला। उधर, श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार थाना श्रीनगर के ग्राम बिलखी निवासी कल्लू (38) पुत्र भूरा रैकवार सोमवार को बिलखी के इमलाई हार में बने चेकडैम में नहाने गया था। अधिक पानी होने से कल्लू डूब गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।