महोबा। जिला कांग्रेस कमेटी किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलित है। ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों से उनकी समस्या व समाधान को लेकर मांगपत्र भरवाए गए। किसानों की उभरकर निकली मांगों को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने मंगलवार को सदर विधायक राकेश गोस्वामी के आवास पहुंच ज्ञापन सौंपा। जिसमें समस्याओं का समाधान कराए जाने की मांग की है।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष तुलसीदास लोधी के नेतृत्व में राहुल मिश्रा, शहंशाह अली, प्रमोद कुुमार सोनी, अजीज खान, जयराम अवस्थी, खेमचंद्र अहिरवार, नीरज, गोविंद दास, अजय बरसैंया, मामा भारती आदि ने विधायक आवास पहुंच किसानों की समस्याएं उठाईं। विधायक के आवास पर न होने के चलते पदाधिकारियों ने कार्यालय प्रभारी बब्लू महाराज को ज्ञापन सौंपा। इसमें खुले में घूम रहे गोवंशों की व्यवस्था किए जाने, खाद व कीटनाशक दवाओं के दामों में कमी करने, तीन वर्षों से स्थाई गन्ने के दामों में बढ़ोत्तरी करने की मांग की है। बताया कि लागत और फसलों के दाम में भारी अंतर के चलते किसान आत्महत्या को मजबूर हैं। किसानों के हित के लिए किसान आयोग का गठन किया जाए। सभी किसानों की पूर्ण कर्जमाफी सुनिश्चित किए जाने, कांग्रेस सरकारों की तर्ज पर सभी फसलों में बोनस की व्यवस्था करने की मांग की है।