पनवाड़ी (महोबा)। ग्राम पंचायत पनवाड़ी में सरकारी विद्यालयों के सुंदरीकरण के बजाय थाना भवन में 12 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। सेवानिवृत्त शिक्षक समेत ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है। जिसमें अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में आने वाले सरकारी विद्यालयों के सुंदरीकरण आदि के लिए कायाकल्प योजना चलाई जा रही है। 14वें वित्त आयोग से इस योजना के तहत ग्राम पंचायतों में आने वाले सरकारी विद्यालयों को मॉडल बनाया जाना है। जिसके अंतर्गत फर्नीचर, खेल मैदान, सुंदरीकरण, मरम्मत आदि का कार्य कराया जाना है। इसके अलावा अन्य धनराशि बरातघर, पंचायत भवन आदि में खर्च करने का प्रावधान है। ग्राम पंचायत द्वारा थाना पनवाड़ी के सुंदरीकरण व अन्य निर्माण में 12 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई। जिससे थाना तो चमकने लगा, लेकिन परिषदीय विद्यालयों व बरातघर की हालत जस की तस है।
पनवाड़ी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक बलदेव प्रसाद ने जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी से मामले की शिकायत की है। शिक्षक समेत अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा अनियमित तरीके से थाना के सुंदरीकरण में धनराशि खर्च की गई हैं। शिकायत में बताया कि थाना पनवाड़ी ग्राम पंचायत अलीपुरा में आता है जबकि धनराशि ग्राम पंचायत पनवाड़ी ने खर्च कर दी। आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत ने थाना मैदान में जयपुर के पत्थर लगवाए और उच्चस्तरीय रंगाई-पुताई के साथ साज-सज्जा कराई। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। उधर खंड विकास अधिकारी रजनीश कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। जिसकी जांच कराई जाएगी। यदि नियमितता पाई गई तो भुगतान रोका जाएगा।