महोबा। कोरोना संक्रमण के चलते चित्रकूटधाम मंडल के कमिश्नर गौरव दयाल व डीआईजी दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से जिले का भ्रमण किया। कलेक्ट्रेट भवन में स्थापित कंपोजिट कंट्रोल रूम, नगर पंचायत कबरई, तहसील कुलपहाड़ में संचालित सामुदायिक किचन व जनतंत्र इंटर कॉलेज कुलपहाड़ में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कुलपहाड़ तहसील में एसडीएम द्वारा जनसहयोग से लोगों के वितरण के लिए जुटाए गए 15 हजार साबुन के वाहन को हरीझंडी दिखाई।
कमिश्नर व डीआईजी ने कंपोजिट कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान कॉल रजिस्टर चेक किया। रजिस्टर में जिन लोगों की शिकायतें दर्ज की गईं थीं उनसे जिलाधिकारी द्वारा बात कराकर फीडबैक भी प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में कार्यरत कार्मिकों को निर्देश दिए कि कॉल रजिस्टर में फीडबैक का अलग से कॉलम बनाया जाए। इस दौरान कमिश्नर व डीआइजी ने जिले में अच्छा कार्य कर रहे डीएम अवधेश कुमार तिवारी और एसपी मणिलाल पाटीदार की सराहना की। इसके अलावा कमिश्नर ने नगर पंचायत कबरई और कुलपहाड़ तहसील में संचालित सामुदायिक किचन व जनतंत्र इंटर कॉलेज में निरीक्षण कर लोगों को भोजन पैकेट, साबुन व मास्क वितरित किए। इसके बाद अफसरों का काफिला बेलाताल पहुंचा। जहां कमिश्नर व डीआइजी ने सामूहिक रूप से घर-घर जाकर कमजोर और गरीब परिवारों को नि:शुल्क राशन वितरित किया। निरीक्षण दौरान जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि जिले में लॉकडाउन का हर हाल में पालन कराया जाए। क्वारंटीन किए गए लोगों को अनिवार्य व्यवस्थाएं मुहैया कराते हुए उनकी उचित देखभाल की जाए। अपरिहार्य स्थिति में बाहर निकलते व आवश्यक सेवा लेते समय सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखना है।