महोबा। शहर के एक मोहल्ले से किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी रविवार की सुबह कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गईं लेकिन शाम तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका।
शहर के एक मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय किशोरी तीन दिन पहले घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने तमाम खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बाद में जानकारी मिली की मकानियांपुरा निवासी फारूख किशोरी को ले गया है। किशोरी की मां ने 16 दिसंबर को शहर कोतवाली में फारूख के मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी फारूख को पकड़ लिया। जिससे पूछताछ की गई। रविवार की सुबह आरोपी फारूख कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला।
कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि आरोपी को पूछताछ के लिए लाया गया था। वह डर के मारे भाग गया। कोई लिखा-पढ़ी नहीं की गई थी। उसकी तलाश कराई जा रही है। उधर सीओ सिटी रामप्रवेश राय का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी होने के बाद ही वह कुछ बता सकेंगे।