महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में दंपती समेत दस लोग घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कोतवाली चरखारी के सालट गांव निवासी हरीकिशोर (24) बाइक से अपनी पत्नी ललिता (22) व पुत्र यश (02) के साथ गुरुवार को घर लौट रहा था। रास्ते में ब्रेकर में बाइक उछलने से दंपती घायल हो गए। पुत्र यश को गंभीर चोटें आने पर दंपती उसे जिला अस्पताल लाए। शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय का छात्र ओमप्रकाश (15) अवकाश होने पर पैदल घर जा रहा था। तभी किसी वाहन की टक्कर से छात्र घायल हो गया।
वहीं ननौरा गांव निवासी हरीकुमार (28) बाइक से इमिलिया निवासी संतोष (42) के साथ शुक्रवार की सुबह खेत जा रहा था। रास्ते में चार पहिया वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। इसी तरह नैकानापुरा निवासी नाथूराम (38), बिच्छू पहाड़ी निवासी जमील (40), मुस्करा निवासी शकीलउद्दीन (28) व टौरियापुरा निवासी अरविंद (35) अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।