खन्ना (महोबा)। थाना खन्ना के ग्राम खम्हरिया में ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हुई किशोरी की उपचार के अभाव में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
ग्राम खम्हरिया निवासी सुखिया (17) पुत्री लक्ष्मन निषाद चार माह पहले बकरियां चराने खेत जा रही थी। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया था। परिजन उसे इलाज के लिए हमीरपुर व कानपुर ले गए लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। आर्थिक तंगी के चलते परिजन उसे घर ले आए थे। दो माह से उपचार के अभाव में तड़प रही किशोरी की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर मालिक व चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही इलाज की व्यवस्था कराई। जिससे उसकी पुत्री की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच शुरू की है।