महोबा। बिजली विभाग वसूली के लिए 25 अगस्त को महा अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर बकाएदारों के कनेक्शन कटेगा। दस हजार से ऊपर वाले बकाएदारों पर गाज गिरेगी। अभियान में खंड और उपखंड स्तर के सभी अधिकारी, अवर अभियंता और फील्ड कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
बड़े पैमाने पर चल रही बकाएदारी के मद्देनजर अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग खंड बनाए गए हैं। प्रत्येक खंड से 250 बकाएदारों से वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया। संवेदनशील क्षेत्र में पूर्ण नियोजन के साथ जिला प्रशासन से सहयोग लिया जाएगा और बड़े बकाएदारों के क्षेत्र पूर्व में ही चिंहित किए जाएंगे। बड़े बकाएदारों की सूची विच्छेदन की कार्रवाई के लिए विद्युत विच्छेदन टीम को उपलब्ध करा दी गई है।
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी मीटर रीडर, मीटर रीडिंग कार्य के बजाय अभियान में लगेंगे। अभियान में पुलिस प्रवर्तन दल भी बिजली विभाग की टीम का सहयोग करेगा। स्मार्ट मीटर बकाएदार उपभोक्ताओं का भी सघन विच्छेदन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिन-प्रतिदिन बढ़ रही बकाएदारी को देखते हुए विभाग ने कड़ा कदम उठाया है।