कुलपहाड़ (महोबा)। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत एक शिक्षक द्वारा गुपचुप तरीके से दूसरी शादी रचाने का मामला उजागार सामने आया है। पति द्वारा तलाक की झूठी अफवाह उड़ाकर दूसरी शादी रचाने की जानकारी होने पर पहली पत्नी ने जिलाधिकारी की चौखट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित शिक्षिका ने पति पर दहेज उत्पीड़न व विभागीय तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
प्राथमिक विद्यालय रेलवे स्टेशन कुलपहाड़ में कार्यरत शिक्षिका दीपमाला रावत ने डीएम अवधेश कुमार तिवारी को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि उसका विवाह सात वर्ष पहले सहायक अध्यापक नीरज रावत के साथ आर्य समाज मंदिर खुदागंज फर्रुखाबाद मेें हुआ था। विवाह के बाद उसका व उसके पति का फर्रुखाबाद से महोबा स्थानांतरण हो गया था।
उनका पांच वर्ष का एक बेटा भी है। बताया कि वर्ष 2015 में पति ने डीएम आवास के पीछे एक मकान खरीदा था, जिसका आधा हिस्सा उसके और आधा सास विमला के नाम है। इसके बाद से पति व ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करने लगे। इससे परेशान होकर वह 2017 में अपने मायके फर्रुखाबाद चली गई।
शिकायती पत्र में बताया कि मायके जाने के दौरान उसने चिकित्सीय अवकाश विभाग को भेजा, लेकिन पति ने विभागीय अधिकारियों से मिलीभगत कर उसे निलंबित करा दिया। हालांकि बाद में उसे बहाल कर दिया गया। पति पर आरोप लगाया कि उसने झूठी खबर उड़ाकर ग्राम तुर्रा मुहार की एक युवती से दूसरा विवाह कर लिया। जो दो वर्ष से पति पत्नी की तरह रह रहे हैं और वह किराये के मकान में रहने को विवश है। पीड़िता ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।