चरखारी (महोबा)। उपजिलाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष निसार खां और नवदुर्गा कमेटी के महामंत्री युवराज सिंह सेंगर ने वर्षों से चली आ रही ताजिया बनाने और मूर्ति स्थापना की परंपरा को जारी रखने की अनुमति मांगी। एसडीएम ने कोविड-19 के चलते ताजिया और प्रतिमाएं बनाने व रखने पर रोक लगा दी है।
बैठक में ताजियेदार एनुल अब्बास ने कोरोना वायरस के चलते बिना भीड़ के घर पर मजलिस कराने की बात कही। इस पर एसडीएम ने कहा कि मजलिस घर पर कराएं, लेकिन उसमें घर के ही लोग शामिल रहें। कार्यक्रम में बाहर के लोग नहीं आएंगे, अन्यथा आयोजक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी ने कहा कि इस साल न ताजिया जुलूस उठेगा न कर्बला जाएगा और न प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।
उन्होंने मुहर्रम और गणेश चतुर्थी को लेकर नगर में बिजली व्यवस्था बेहतर करने के एसडीओ को निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी, शहर काजी मोहम्मद आरिफ, आलोक सोनी, व्यापार मंडल के महामंत्री दीपक गुरुदेव, न्याज उर्फ मोनू, रमजान सौदागर व सौरभ अग्रवाल मौजूद रहे।
इस बार नहीं लगेगा जलविहार मेला
कुलपहाड़। पीस कमेटी की बैठक में प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार दुबे ने कहा कि मुहर्रम, गणेश चतुर्थी व जलविहार मेला का आयोजन इस बार नहीं होगा। मुहर्रम व जल विहार के जुलूस भी नहीं निकाले जाएंगे और न ही गणेश चतुर्थी के पंडाल सजाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को देखते हुए सभी पर्व घर पर ही मनाएं। इससे बचाव की सख्त आवश्यकता है। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि अमित प्रताप सिंह, अधिशाषी अधिकारी निर्दोष राजपूत, किशोरी लाल सोनी, राधाकांत वर्मा, नीतू चौबे, संतोष चतुर्वेदी, रामराजा सोनी, हरी अनुरागी, मानवेंद्र सिंह, डॉ. हरगोविंद, राहुल अग्रवाल, सुरेश सोनी, अजीज खान व सईद मौजूद रहे।