कहते हैं कुछ करने का जज्बा हो तो परिस्थितियां बाधक नहीं बनती। ऐसा ही कुछ करके दिखाया है ब्रह्मचारी इंटर कालेज के छात्र दीपक कुमार ने। दीपक ने हाईस्कूल की यूपी बोर्ड परीक्षा में 86 प्रतिशत अंक हासिल कर कालेज में पहला स्थान पाया है। सूखे की मार झेल रहे जिले में ऐसा और भी छात्र रहे, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों को मात देकर मेहनत और लगने के दम पर सफलता हासिल की।
खन्ना प्रतिनिधि के अनुसार, ब्रह्मचारी इंटर कालेज, खन्ना में हाईस्कूल परीक्षा में दीपक कुमार ने 86 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। मां की मौत के बाद पिता के मेहनत मजदूरी के लिए दिल्ली चले गए। इसके बाद कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते दीपक ने खुद मजदूरी कर पढ़ाई की और बेहतर अंक अर्जित किए।
विद्यालय के प्रबंधक शिवशंकर सिंह ने बताया कि बेहतर अंक अर्जित करने वाले छात्र दीपक की 12वीं तक की पढ़ाई में आने वाला खर्च अब विद्यालय उठाएगा। इसके अलावा इसी विद्यालय की छात्रा क्षमा सिंह ने हाईस्कूल में 84.5 प्रतिशत, सत्यम दीक्षित भी हाईस्कूल में 84.3 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसी विद्यालय में इंटर की छात्रा आयशा राइन ने 83 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
खरेला प्रतिनिधि के अनुसार, यहां के कुछ छात्र-छात्राओं ने भीषण आर्थिक संकट का सामना करने के बाद भी अपनी मेहनत व लगन से बेहतर अंक जुटाए। ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले रामजी गुप्ता ने इंटरमीडिएट में 90.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। ग्राम बसौठ निवासी छात्रा काजोल तिवारी ने 90 प्रतिशत अंक हासिल किए।
सीमावर्ती पीएनबी कालेज की छात्रा काजोल के पिता छोटे किसान हैं। खेती में उपज न होने के बाद भी उन्होंने मेहनत मजदूरी करके बेटी को पढ़ाया। इसी तरह केपीआई खरेला के छात्र रामजी गुप्ता के पिता ने गुटखा पान की दुकान से परिवार का गुजारा चलाने के साथ ही बेटे की पढ़ाई जारी रखी।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के घोषित परीक्षा परिणाम में शहरी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी काबिलियत दिखाई है। हरवंश राठौर इंटर कालेज जैतपुर की छात्रा सौम्या अग्रवाल ने इंटर में 93 प्रतिशत अंक पाए हैं। इसी विद्यालय में हाईस्कूल के छात्र शिवम अग्रवाल ने 88 और अमन खान ने 87 प्रतिशत अंक हासिल किए।
कुलपहाड़ के जीबी इस्लामिया इंटर कालेज की छात्रा हेमलता ने इंटर में 86.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय टॉप किया है। इसी विद्यालय के इंटर के छात्र आशीष कुमार ने 84 प्रतिशत अंक पाए हैं। हाईस्कूल में इसी विद्यालय के छात्र मनोज कुमार ने 92 प्रतिशत अंक लेकर टॉप किया। अभय प्रताप सिंह ने 88.5 प्रतिशत अंक पाए।
जनतंत्र इंटर कालेज की छात्रा सोनाली ने इंटर में 91.16 प्रतिशत, छात्र शानू प्रजापति ने 92 प्रतिशत और छात्र श्यामदास ने 86.8 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल का गौरव बढ़ाया है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्र रोहित कुमार ने इंटर में 87.8 प्रतिशत अंक अर्जित किए।