महोबा/खरेला। पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता के निर्देश पर स्टूडेंट पुलिस एक्सप्रिएंशल लर्निंग प्रोग्राम के तहत छात्र-छात्राओं को शहर कोतवाली का भ्रमण कराया गया। इस दौरान सीओ सदर रामप्रवेश राय ने छात्र-छात्राओं को सामाजिक समस्याओं से अवगत कराया। बच्चों में संवेदनशीलता विकसित करने और तनाव प्रबंधन सीखने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में पुलिस की कार्यशैली, कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आगंतुक पटल, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, ग्राम सुरक्षा समिति रजिस्टर, थाना कार्यालय में प्रचलित विभिन्न अभिलेखों के बारे में बताया। सीओ से छात्रों ने कई प्रश्न किए। जिस पर सीओ ने बिंदुवार जानकारी दी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी महिला थाना सुषमा चौधरी, एसआई शारिक मुराद आदि मौजूद रहे। उधर खरेला में थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला ने गोकुल प्रसाद बालिका इंटर कालेज में कार्यशाला के दौरान छात्राओं को सामाजिक समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने एफआईआर लिखने से लेकर घटनास्थल निरीक्षण तक की जानकारी दी। छात्राओं ने पुलिस के कार्यप्रणाली के संबंध में प्रश्न पूछे। थानाध्यक्ष ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। मार्ग पर अपनी निर्धारित लेन का प्रयोग करना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करना चाहिए।