प्रतियोगिता में पोस्टर बनाकर दिखाते प्रतिभागी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के लिए निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें धर्मेश वर्मा ने बाजी मारी। जबकि वर्षा को दूसरा और आरती राठौर को तीसरा स्थान मिला। सभी विजेता प्रतिभागियों के पुरस्कृत किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में मतदाता दिवस को लेकर प्रतियोगिताएं कराईं जा रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को वीरभूमि महाविद्यालय सभागार में लोकतंत्र में युवा मतदाताओं की भूमिका विषय पर निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कागज व कलम के माध्यम से छात्राओं ने तस्वीरें उकेरी और मतदान का महत्व समझाया। प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। निर्णायक मंडल में प्रो. मधुबाला सरोजिनी, डॉ. एसएस राजपूत, डॉ. डीके खरे, डॉ. केसी वर्मा शामिल रहे। प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. एलसी अनुरागी ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में तीस प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया, परिणाम दो दिन बाद घोषित किया जाएगा।