महोबा। शहर के बड़े मार्बल व्यापारी के प्रतिष्ठान पर बुधवार को स्टेट जीएसटी बांदा के अधिकारियों ने छापा मारा। जीएसटी चोरी की शिकायत पर टीम ने अभिलेखों का बारीकी से मिलान किया। साथ ही दैनिक बिक्री व जीएसटी दिए जाने की समीक्षा की। जांच के बाद लाखों की टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है।
जीएसटी चोरी होने की शिकायत पर बांदा मंडल की डिप्टी कमिश्नर डॉ. रश्मि अवस्थी, असिस्टेंट कमिश्नर सूर्यपाल ने टीम के साथ शहर के पुराने बस स्टैंड के समीप स्थित हार्डवेयर टाइल्स शोरूम लक्ष्मी मार्बल में छापा मारा। इस दौरान टीम ने संचालक संजीव गुप्ता से पूछताछ की और स्टॉक रजिस्टर व अभिलेखों का मिलान कराया। अलग-अलग स्थानों पर बने गोदामों में सघन जांच की गई। मौके पर पहुंचे कई लोगों ने व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई न करने की बात कही। तब डिप्टी कमिश्नर ने एसपी सुधा सिंह को फोनकर फोर्स बुला ली। पुलिस के घेरे में कई घंटे तक जांच पड़ताल चलती रही। डिप्टी कमिश्नर एसआईबी ने बताया कि शासन को शिकायत मिली थी कि फर्म द्वारा जीएसटी की चोरी की जा रही है। माल की खरीद बिक्री के अनुसार नहीं की जा रही है। अभिलेखों की जांच के बाद ही कुल खरीद-फरोख्त से जीएसटी चोरी का पता चल सकेगा।