चैंपियन ट्रॉफी के साथ विजेता छात्रा।
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। डिग्री कॉलेज चरखारी में चल रहे दो दिवसीय 41वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शनिवार को समापन हो गया। छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया। छात्रा वर्ग में वर्षा और छात्र वर्ग में कमलेश चैंपियन बने। चैंपियन व विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
कॉलेज परिसर में चल रही प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन छात्र वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जयहिंद ने बाजी मारी। राजकुमार दूसरे व मुकेश तीसरे स्थान पर रहे। छात्रा वर्ग में पिंकी वर्मा को पहला, दीपिका को दूसरा और संजू को तीसरा स्थान मिला। ऊंची कूद, लंबी कूद, दौड़ समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने पर छात्रा वर्ग में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा वर्षा कुमारी चैंपियन बनीं। छात्र वर्ग में बीए प्रथम वर्ग के कमलेश को चैंपियन का खिताब मिला।
समापन के मौके पर मुख्य अतिथि वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय महोबा के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल से शरीर स्वस्थ रहता है। स्वस्थ शरीर में अच्छे विचार आते हैं। प्राचार्य डॉ. चंद्रकुमार चौरसिया, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. उमाशंकर त्रिपाठी, आनंद गोस्वामी, अशोक कुमार, संजीव गुप्ता मौजूद रहे।