विजेता टीम के खिलाड़ी को शील्ड देकर सम्मानित करते मुख्य अतिथि
- फोटो : MAHOBA
खरेला (महोबा)। विकासखंड चरखारी के ऐचाना गांव में ग्राम स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें चार टीमों ने दमखम दिखाया। फाइनल मैच में विजय क्लब ने गोविंद क्लब को 20 अंकों के अंतर से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड और नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
ऐचाना गांव के मैदान में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लिया। अपने-अपने मुकाबले जीतकर विजय क्लब व गोविंद क्लब फाइनल में पहुंची। दोनों टीमों के बीच फाइनल में कड़ा मुकाबला हुआ। दूसरे हाफ में विजय क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोविंद क्लब को 47-27 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान दिवाकर तिवारी ने विजेता टीम के कप्तान विजयपाल कुशवाहा को शील्ड व नगद धनराशि और उपविजेता टीम को शील्ड प्रदान की। ग्राम प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस जरूरत है उन्हें निखारने की। इस मौके पर अर्पित तिवारी, निर्णायक अखिलेश पालीवाल, सुंदरलाल, गंभीर सिंह मौजूद रहे।