संवाद न्यूज एजेंसी
पनवाड़ी (महोबा)। कस्बे में सब्जी मंडी के लिए दुकानदारों को जगह का आवंटन किया जाएगा। इसको लेकर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्रा ने व्यापार मंडल व ग्राम प्रधान के साथ बैठक की। इसमें सड़कों से जाम की समस्या को खत्म करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल पर मैसेज व कॉल के माध्यम से यातायात से संबंधित समस्याओं की शिकायत मिल रही थीं। बस स्टैंड से बाजार तक और मुख्य बाजार में सड़क पर दुकानें लगने से यातायात प्रभावित होता है। इससे स्कूली छात्राओं को निकलने में दिक्कत होती है। एंबुलेंस भी इन मार्गों से नहीं निकल पाती हैं। व्यापार मंडल के सहयोग से सड़क पर दुकान लगाने वाले सब्जी व्यापारियों के साथ बातचीत कर ग्राम पंचायत के एक निश्चित मैदान में सभी दुकानों को जगह आवंटन करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसमें दुकानों के हित को ध्यान में रखा गया। तय किया गया कि जितने दुकानदार होंगे, उतनी पर्ची नंबर के हिसाब लॉटरी निकाल कर जगह का आवंटन किया जाएगा। जिस दुकानदार को जिस नंबर की पर्ची मिलेगी उसी हिसाब से उसकी दुकान की जगह निर्धारित की जाएगी। इससे मुख्य मार्गों से जाम की समस्या खत्म होगी। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकुमार राजपूत, प्रधान प्रतिनिधि रमेश दुबे आदि मौजूद रहे।