महोबा। जिले में खाद की किल्लत और फसल बीमा में फर्जीवाड़े के विरोध में शनिवार को सपाई सड़कों पर उतर आए। सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। एडीएम कुंवर पंकज को ज्ञापन सौंप किसानों का उत्पीड़न बंद करने और फर्जी फसल बीमा कराने में संलिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सपा सांसद के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, हरिसिंह वर्मा समेत एक सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता राठ चुंगी से सड़क पर प्रदर्शन करते हुए कृषि विभाग कार्यालय पहुंचे। युवा नेता योगेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों के साथ छल किया जा रहा है। किसान समितियों में खाद के लिए घंटों लाइन में खड़ा है लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल रही। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का उत्पीड़न हुआ तो सपा उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगी।
इस मौके पर प्राण सिंह यादव, श्रवण साहू, शाहिद, प्रेम विश्वकर्मा, गजेंद्र कुशवाहा, पवन महाराज, लोकेश राजपूत, नरेश यादव, ताहिरउद्दीन सिद्दीकी, विवेक राजपूत समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।