चरखारी (महोबा)। राजकीय आईटीआई में युवाओं के व्यक्तित्व विकास व रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कौशल प्रशिक्षण केंद्र शुरू हो गया है। अब युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चरखारी के डाटा टेक्नोलॉजी प्रशिक्षण केंद्र में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि उदित राजपूत और गुन्नी घोष ने किया। इस दौरान युवाओं को नई दिशा देने, उनकी प्रतिभा को निखारने व रोजगार के अवसरों पर चर्चा की गई। उदित राजपूत ने कहा कि आज का समय तकनीकी कौशल का है। यदि युवा अपने कौशल का सही उपयोग करें तो वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और समाज व राष्ट्र के विकास में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
गुन्नी घोष ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलते हैं। इससे उनके रोजगार की राह आसान होगी। नोडल प्रधानाचार्य अभिषेक मिश्रा ने कहा कि संस्थान सदैव विद्यार्थियों व युवाओं के लिए नवीनतम तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था करता आया है। कौशल विकास केंद्र शुरू होने से युवाओं को कंप्यूटर, डाटा प्रबंधन और तकनीकी क्षेत्रों का बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा। इस मौके पर रविकांत तिवारी, मनीष यादव, विवेक कुमार आदि मौजूद रहे।