थाना क्षेत्र के ग्राम सिजवाहा में फसल की उपज कम निकलने से आहत एक किसान की सदमे से मौत हो गई। जिससे जिले में आत्महत्या और सदमे से मरने वाले किसानों की संख्या 15 हो चुकी है।
ग्राम सिजवाहा निवासी पारीक्षत (65) पुत्र गयादीन के पास चार बीघा जमीन थी। उसने इलाहाबाद बैंक श्रीनगर से 40 हजार रुपये का केसीसी कार्ड बनवाया था और ढाई लाख रुपये साहूकाराें का कर्ज था। साहूकाराें द्वारा आए दिन पैसे की मांग किए जाने पर किसान ने इस साल फसल बेचकर कुछ पैसा देने का आश्वासन दिया था। लेकिन अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से रबी की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। जिससे उसे साहूकाराें के कर्ज की चिंता सता रही थी। मंगलवार की रात वह खेत में लेटने गया था। तभी राम में ही उसकी मौत हो गई। सुबह पहुंचे बेटे मनीराम ने बताया कि पिता साहूकाराें के पैसे देने को लेकर खासा परेशान थे। जिससे सदमे से उनकी मौत हो गई। उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह ने सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार कर्मवीर सिंह को मौके पर भेजा। एसडीएम का कहना है कि जानकारी करने पर पता चला कि उम्र अधिक होने के कारण उसकी स्वाभाविक मौत हुई है। फिर भी शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।