दिहुलिया के हनुमान मंदिर स्थल पर आयोजित बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में पाठा के किसान शंकर सिंह की बैलगाड़ी सबसे तेज दौड़ी। प्रतियोगिता में एक दर्जन सें अधिक प्रतिभागियों में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस मौके पर विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
चरखारी के यदुवंशी ग्रेनाइट मैदान पर दिहुलिया हनुमान मंदिर की परंपरा से जुड़े बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली एक दर्जन से अधिक बैलगाड़ियों को तीन भागों में विभाजित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने बैल गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर बैलगाड़ी दौड़ की शुरूआत कराई। प्रतियोगिता में पाठा के शंकर सिंह को प्रथम रिवई के श्रीपाल को द्वितीय व गहरौली हमीरपुर के देवसिंह को तीसरा पुरस्कार मिला। मुख्य अतिथि के साथ समाजसेवी अशोक महराज, चौकी प्रभारी सुनील गोयल ने संयुक्त रूप से विजेता को कलर टीवी उपविजेता को साइकिल और तृतीय विजेता को कूलर देकर प्रोत्साहित किया। इसके अलावा विजेताओं को पशुओं का खाद्यान्न भी दिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में बैलगाड़ी दौड़ प्रेमी मौजूद रहे।