शहर में इन दिनाें जगह-जगह नगर पालिका द्वारा नाला निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। जिसके चलते खुदाई कराने के बाद ठेकेदारों द्वारा मलबा उठाने के बजाए सड़क पर ही डाला जा रहा है। सड़क पर पहले से ही फैले अतिक्रमण और उस पर डाले जा रहे मलबे से सड़कें संकरी हो गई हैं। जिसके चलते दिन में कई बार सड़क पर जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सड़क पर मलबा पड़ा होने के साथ-साथ नाले का गंदा पानी जमा होने से कीचड़ बन गया है। जिसमें फिसलन बढ़ जाने से दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीर भी फिसल कर घायल हो रहे हैं। सुभाष चौक से बंधानवार्ड जाने वाली सड़क पर अभी तक दर्जनों लोग गिरकर चुटहिल हो चुके हे। वहीं जगह- जगह चल रही इंटर लॉकिंग के चलते लोगाें को जाम के झाम से जूझना पड़ रहा है।
लाखाें खर्च के बाद नाले बेकार
शहर में लाखाें रुपये की लागत से नालों का निर्माण कराए जाने के बाद भी सड़कों का पानी नाले में नहीं जाता है। नाले सड़क से ऊंचे होने से सड़कों में पानी भरा रहता है। जिससे राहगीरों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
ऊबड़-खाबड़ सड़क बनी मुसीबत
पीपीएन चौराहे से लेकर कबरई तिराहा तक ऊबड़ खाबड़ सड़क नागरिकों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर एक-एक फुट गहरे गड्ढे हो जाने के बाद भी जिले के अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। जिसका खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। हालत यह है कि इस रोड पर चलने वाले नए-नए वाहन खटारा हो जाते हैं। वहीं गाड़ी में सफर करने पर यात्रियाें को झटके खाने पड़ रहे हैं।