महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर दबंगों ने सात लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला बड़ीहाट निवासी अनुभव शुक्ला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने साथी दिव्यांशु विश्वकर्मा के साथ घर की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में सत्यप्रकाश, इंद्रजीत, प्रमोद व मनीष शर्मा ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडें से हमला कर दिया। इससे दोनों को चोटें आईं। पुलिस ने चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। दूसरी घटना में थाना महोबकंठ के रजौनी गांव निवासी रामसिंह राजपूत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने कुछ दिन पहले पप्पू से ईंटें खरीदी थीं लेकिन ईंटें टूटी निकलने का उलाहना दिया तो बुधवार को पप्पू के बेटे शरुफ ने अपने साथी जमील, कल्लू के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए उसके बेटे भरत को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने तीनों लोगों पर मामला दर्ज किया है।
तीसरी घटना में कोतवाली कुलपहाड़ के सुगिरा गांव निवासी विमलेश राजपूत ने बताया कि उसने जेसीबी से अपने खेत के लिए रास्ता बनवाया। इससे नाराज होकर बुधवार को गांव के ही बालकिशन, संजय यादव, रामपाल व प्रदीप उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज की। आरोपियों के हमले में महिला विमलेश और ड्राइवर मोहित पटैरिया को भी चोटें आईं। पुलिस ने चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। एक अन्य घटना में शहर के सुभाषनगर निवासी प्रमोद ने संदीप यादव पर मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।